Pages

Sunday 22 May 2016

स्वास्थ्य के लिए भोजन

भोजन जीवन के लिए एक अति आवश्यक वस्तु है। भोजन से हमारे शरीर को पोषण प्राप्त होता है और उसमें होने वाली कमियों की भी पूर्ति होती है। शरीर की शक्ति बनाये रखने और उससे काम लेते रहने के लिए भोजन उसी प्रकार आवश्यक है, जिस प्रकार कार के लिए पेट्रोल या डीजल। हमारा जीवन भोजन पर ही निर्भर है। भोजन के अभाव में शरीर की शक्ति नष्ट हो जाती है और जीवन संकट में पड़ जाता है।
भोजन का स्वास्थ्य से बहुत गहरा सम्बंध है। भोजन करना एक अनिवार्य कार्य है। इसी प्रकार हम अन्य कई अनिवार्य कार्य करते हैं, जैसे साँस लेना, मल त्यागना, मूत्र त्यागना, स्नान करना, नींद लेना आदि। इन कार्यों में हमें कोई आनन्द नहीं आता, परन्तु भोजन करने में हमें आनन्द आता है। यह तो प्रकृति माता की कृपा है कि भोजन करने जैसे अनिवार्य कार्य में भी उसने स्वाद का समावेश कर दिया है, जिससे भोजन करना हमें बोझ नहीं लगता, बल्कि आनन्ददायक अनुभव होता है। लेकिन अधिकांश लोग प्रकृति की इस कृपा का अनुचित उपयोग करते हैं और स्वाद के वशीभूत होकर ऐसी वस्तुएँ खाते-पीते हैं, जो शरीर के लिए कतई आवश्यक नहीं हैं, बल्कि उलटे हानिकारक ही सिद्ध होती हैं। भोजन का उद्देश्य शरीर को क्रियाशील बनाए रखना होना चाहिए। परन्तु अधिकांश लोग जीने के लिए नहीं खाते, बल्कि खाने के लिए ही जीते हैं। ऐसी प्रवृत्ति वाले लोग ही प्रायः बीमार रहते हैं।
हमारे अस्वस्थ रहने का सबसे बड़ा कारण गलत खानपान होता है। यदि हम अपने भोजनअको स्वास्थ्य की दृष्टि से संतुलित करें और हानिकारक वस्तुओं का सेवन न करें, तो बीमार होने का कोई कारण नहीं रहेगा। हानिकारक वस्तुओं का सेवन करने पर ही रोग उत्पन्न होते हैं और उनका सेवन बन्द कर देने पर रोगों से छुटकारा पाना सरल हो जाता है। कई प्राकृतिक तथा अन्य प्रकार के चिकित्सक तो केवल भोजन में सुधार और परिवर्तन करके ही सफलतापूर्वक अधिकांश रोगों की चिकित्सा करते हैं।
प्राकृतिक चिकित्सा विज्ञान में तो खान-पान का सबसे अधिक महत्व है। इसमें किसी दवा आदि का सेवन नहीं किया जाता, बल्कि भोजन को ही दवा के रूप में ग्रहण किया जाता है और इतने से ही व्यक्ति स्वास्थ्य के मार्ग पर अग्रसर हो जाता है। आयुर्वेद में कहा गया है-
न चाहार समं किंचिद् भैषज्यमुपलभ्यते।
शक्यतेऽप्यन्न मात्रेण नरः कर्तुं निरामयः।।
अर्थात् ”आहार के समान दूसरी कोई औषधि नहीं है। केवल आहार से ही मनुष्य रोगमुक्त हो सकता है।“
विजय कुमार सिंघल
वैशाख शु. ७, सं. २०७३ वि.

No comments:

Post a Comment