Pages

Monday 11 November 2013

मुलायम उवाच

‘हम उत्तर प्रदेश का विकास गुजरात की तरह करेंगे: मुलायम सिंह यादव’

यह है ताजा अखबारी समाचारों का एक शीर्षक। इस समाचार के प्रत्येक अंश को ठीक से समझना जरूरी है। इस समाचार के कई अर्थ निकलते हैं-

1. पहला अर्थ यह निकलता है कि उत्तर प्रदेश अभी तक विकसित नहीं है। यह वास्तव में सच है। मुलायम सिंह तीन-तीन बार उ.प्र. के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में उनके सुपुत्र पिछले दो साल से इसी प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। इतने पर भी यह मान लेना कि उ.प्र. का अभी तक विकास नहीं हुआ है, अपनी ही नाकामी को स्वीकार करना है। 

2. दूसरा अर्थ यह निकलता है कि गुजरात एक विकसित प्रदेश है। यह बात भी सत्य है। हालांकि आज तक मुलायम सिंह या उनके सपूत ने इस सत्य को स्वीकार करने का साहस नहीं किया था। सार्वजनिक रूप से वे यही कहते रहे हैं कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा गुजरात का विकास करने के सभी दावे खोखले हैं। यह बात दूसरी है कि मुख्यमंत्री बनते ही अखिलेश यादव ने एक सम्मेलन में नरेन्द्र मोदी से गर्मजोशी से मुलाकात की थी। इसका अर्थ यह समझा गया था कि उन्होंने मोदी जी से अपने प्रदेश का विकास करने के लिए मार्गदर्शन लिया होगा।

3. ‘गुजरात की तरह’ विकास करने की बात से यह मतलब निकलता है कि जिस रास्ते पर चलकर मोदी जी ने गुजरात का विकास किया है, मुलायम सिंह यादव उसी रास्ते पर चलकर उत्तर प्रदेश का विकास करना चाहते हैं। लेकिन अखिलेश ने मोदी जी से मुलाकात के बाद भी ‘विकास’ का जो रास्ता अपने चलने के लिए चुना वह ठीक उल्टा ही है। उदाहरण के लिए, गुजरात में मोदी जी ने कोई भी योजना किसी जाति या सम्प्रदाय विशेष के लिए नहीं चलायी है। वहाँ सारी योजनायें क्षेत्रों के आधार पर चलायी जाती हैं, जिनका लाभ उस क्षेत्र में रहने वाला कोई भी व्यक्ति उठा सकता है, चाहे वह किसी भी जाति या सम्प्रदाय से सम्बंध रखता हो। इसके विपरीत उ.प्र. में सभी योजनायें एक सम्प्रदाय विशेष या जाति विशेष के लिए चलायी गयी हैं, जैसे केवल मुस्लिम लड़कियों को हाईस्कूल या इंटर पास करने पर 20 या 30 हजार की इनाम देना, केवल मुस्लिम लड़कियों को विवाह के लिए राशि देना आदि।

इससे स्पष्ट है कि मुलायम सिंह यादव का यह कथन, जो सामान्य रूप से स्वागत योग्य होना चाहिए था, वास्तव में उत्तर प्रदेश की जनता को मूर्ख बनाने के लिए एक चुनावी वायदा मात्र है।

No comments:

Post a Comment